
- आज अर्जुन दिख रहा क्यों कौरवों के वेश में ।
- क्यों दिशा से रहित वायु बह रही इस देश में ॥
- श्मसान सा भोपाल को जिनने बनाया था कभी ।
- अब भी उनको पालते अर्जुन हमारे देश में ॥
- कौन है जो डस गया और सपेरा कौन है।
- हर कोई सच जानता अब हमारे देश में ॥
- घट गया वह बुरा था सच उजागर आज है।
- मौन कठपुतला रहा फ़िर भी हमारे देश में ॥
- मौन वह है हाथ जिससे चल रही सब डोर है।
- और बेटा मौन है नायक बना जो देश में ॥
- लाशें कुचल कर कैसे भागा वो फ़िरंगी बेरहम ।
- इसका उत्तर मांगती जनता हमारे देश में ॥ =प्रदीप मानोरिया